रायपुर। राजधानी के गायकों की संस्था प्रयास म्यूजिकल ग्रुप की दूसरी प्रस्तुति में शनिवार को नए-पुराने गीतों ने समा बांध दिया। देर रात तक श्रोताओं ने इनका आनंद लिया। संस्था की हर प्रस्तुति को श्रोताओं की ओर से भरपूर समर्थन मिला।
मायाराम सुरजन हॉल में हुए इस आयोजन में संजीव ठाकुर, सुनील जार्ज, अरुप मजुमदार, सुब्रत चौधरी, सुदीप दत्ता, सुमित दत्ता, संजय रॉय, निकष परमार, ईरा पंत, श्रीदेवी मूर्ति, अफशां कुरैशी और संगीता डे ने एकल और युगल गीत प्रस्तुत किए। संचालन संजय शर्मा ने किया। कार्यक्रम में जहां गजलों ने माहौल को संजीदा कर दिया वहीं मेरा नाम चिन चिन चू और कांटा लगा जैसा गीतों पर श्रोता अपनी जगह पर बैठे बैठे झूमे। ईरा पंत के नृत्य ने इसका आनंद और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत संगीता डे व श्रीदेवी मूर्ति के द्वारा सरस्वती पूजन से हुआ। इस दौरान ईरा पंत ने स्वरचित सरस्वती वंदना का गायन किया। डायरेक्टर संजीव ठाकुर ने प्रयास ग्रुप के गठन और उसके उद्देश्यों के बारे में बताया। कार्यक्रम में लता मंगेशकर, किशोर कुमार, मोहम्मद रफी, मुकेश, हेमंत कुमार, जगजीत सिंह, शान, अभिजीत व अन्य नामचीन गायकों के गाए गीतों को प्रस्तुत किया गया। श्रोताओं ने सभी प्रस्तुतियों को सराहा और देर रात तक कार्यक्रम में बने रहे। कार्यक्रम में नगर के संगीत संगठनों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे। डायरेक्टर संजीव ठाकुर ने अंत में सभी संगीत प्रेमी श्रोताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि संस्था निरंतर ऐसे आयोजन करती रहेगी।
हमारी मेहनत रंग लाई
महानदी डॉट कॉम से चर्चा करते हुए संजीव ठाकुर ने भावुक होते हुए कहा कि कल के शानदार जानदार कार्यक्रम के लिए सभी सदस्यों को बधाई औऱ शुभकामनायें देना चाहता हूं। रात से लेकर दूसरे दिन दोपहर तक लगातार लोगों के फोन आते रहे। बधाई के मैसेज का आदान प्रदान औऱ फोन कॉल्स चलता रहा। लोगों के द्वारा हमारे सारे ग़ायक कलाकारों की बेहद प्रशंसा की जा रही है। ऐसा कोई भी सदस्य नहीं जिसकी तारीफ़ न हुईं हो। सच में हमारा प्रयास औऱ हमारी मेहनत रंग लायी। गानों का सलेक्शन, टीम के सदस्यों का संतुलित व्यवहार, ड्रेसिंग, ग़ायकी, औऱ पुरे ग्रुप के डिसिप्लिन की चर्चा सारे श्रोताओं के बीच चल रही है। लोगों की प्रतिक्रिया सुनकर मेरा सीना डबल हो गया। शहर में दो म्यूज़िकल प्रोग्राम होने के बावजूद इतनी ज़्यादा संख्या में लोगों का आना अद्भुत रहा। एक सुखद अनुभव रहा। उन्होंने कहा- कार्यक्रम की सफलता का प्रमाण इस बात से मिलता है कि कल रात से ही लोग पूछने लगे हैं कि आपका अगला प्रोग्राम कब है। हमारे सभी गायकों ने अपना बेस्ट दिया है। किसी भी कार्यक्रम की सफलता के लिए हर उस व्यक्ति का कुछ न कुछ योगदान ज़रूर रहता है जो उस ग्रुप से जुड़ा होता है. सभी सदस्य इस सफलता के हक़दार हैं। हम भविष्य में ऐसे ही औऱ अच्छे कार्यक्रम करेंगे।
श्रोताओं का आभार
नगर के गुणी श्रोताओं के प्रति आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि प्रयास ग्रुप के द्वितीय कार्यक्रम में पधारे आप सभी ग्रुप के डायरेक्टर,सभी सदस्य, औऱ शहर के सभी सम्मानीय संगीत प्रेमीयों का हम ह्रदय तल की गहराइयों से आभार व्यक्त करते हैँ. आप सभी शुरू से अंत तक हमारे साथ बने रहे अपना प्यार औऱ आशीर्वाद प्रदान किया. किसी भी संगीत के कार्यक्रम की सफलता प्रबुद्ध श्रोताओं पर निर्भर करती है.अगर श्रोता ही नहीं रहेंगे तो ग़ायक किनके सामने अपनी ग़ायकी प्रस्तुत करेगें औऱ आप सभी ने इतनी ज़्यादा संख्या में उपस्थित होकर हमारा उत्साहवर्धन किया, हमें अपना आशीर्वाद प्रदान किया इसके लिए हम आप सभी के आभारी हैँ. भविष्य में हम औऱ बेहतर कार्यक्रम लेकर आप लोगों के समक्ष हाज़िर होंगे..
एंकरिंग शानदार
उन्होंने कहा कि किसी भी संगीत के कार्यक्रम में एंकरिंग भी बहुत मायने रखती है. औऱ निश्चित ही कार्यक्रम की सफलता में एंकर का भी बहुत बड़ा योगदान रहता है. मै धन्यवाद अदा करना चाहूंगा शहर के संगीत प्रेमियों के बीच चर्चित एक बेहतरीन मंच संचालक,मृदुभाषी औऱ शानदार व्यक्तित्व के धनी संजय शर्मा जी का जिन्होंने हमारे कार्यक्रम के मंच संचालन के लिए हमारी विनती को सहर्ष स्वीकार किया औऱ उसे शानदार तरीके से निभाया। शानदार आवाज़, प्रभावशाली बोली, औऱ शेरो- शायरी से सुज्जित, उनकी एंकरिंग का जवाब नहीं… संजय शर्मा जी आज शहर के सभी संगीत ग्रुप, औऱ संगीत के श्रोताओं के चहेते एंकर, औऱ पहली पसंद हैँ। आशा है कि आप सभी श्रोताओं का प्यार, आशीर्वाद हम पर बना रहेगा।
