सुबह छह बजे हुआ सैर सपाटा संघ का दीवाली मिलन
पूरे संसार में शायद यह पहली संस्था होगी जो सबेरे 6 बजे दीपावली मिलन आयोजित करती है। और दिलचस्प यह भी कि इस आयोजन में वे भी आते हैं जो सबेरे उठकर सैर करने साल भर में एक बार भी नहीं आते। दीपावली मिलन में वे आते हैं और पूड़ी, सब्जी, पकौड़ी, बिस्किट, मिठाई, चाय आदि का अानंद लेते हैं। करीब 31 साल पहले सैर सपाटा संघ 5 सदस्यों से शुरू हुआ था । पहले साइकिल से देवेंद्र अग्रवाल और शशि, फिर राजेश जैन, ताराचंद अग्रवाल, मैं, धीरेंद्र शाह, विनय कक्कड़, रवि सिंघानिया, लालू मथानी, राजकुमार पुरोहित, गिरीश बिस्सा आदि आते थे। बाद में बहुत सारे और भी साथी जुड़ते गए।
सैर सपाटा संघ एक ऐसा संगठन है जिसमें कोई पदाधिकारी नहीं है सदस्य ही हैं, फिर भी मजे से चल रहा है।
सबेरे माॅर्निंग वाॅक के साथ गम्भीर चर्चा से लेकर, चुहलबाजी, मौज मस्ती, पुराने किस्से कहानियाँ चलती हैं। चटखारे ले लेकर कॉलेज के जमाने की बीती यादें ताजा की जाती हैं। जो सदस्य नियमित आते हैं उनकी तो कोई बात नहीं पर जो जितना गोल मारता रहा, मजाक मजाक में उसे गोल्ड मैडल का हकदार कहा जाता रहा। उसके बाद भी टस से मस नहीं। फ़ोन करने के बाद भी सुबह की नींद छोड़ने को तैयार नहीं होने वालों के शानदार किस्से हैं।
पिछले 30 वर्षों में अनेक वर्षों तक इंजीनियरिंग कॉलेज, साइंस कॉलेज, चौबे कॉलोनी और यूनिवर्सिटी कैम्पस का स्थान मॉर्निंग वाॅक के लिए बदलता गया। नहीं बदला तो सिर्फ धींगा मस्ती का तरीका।
मॉर्निंग वाॅक के साथ, हल्की फुल्की एक्सरसाइज, कभी लॉफिंग क्लब के सामूहिक हंसने के प्रयोग, तो कभी योग के कुछ आसन जो कभी परफेक्ट तो नहीं कर पाए, पर उसमें भी खुश ही रहे।
सुबह 6 बजे कभी मैदान पर जन्मदिन भी मना, केक भी कटा और गाने भी हुए। और साल दर साल कुछ न कुछ जुड़ता ही जा रहा है।
कुछ समय बाद अनेक लोग जुड़े। आनंद बेरीवाल, पुरुषोत्तम, साजन, प्रदीप सुशील भाई, विनय साबू, मनोज त्रिवेदी मामू, खंडेलवाल, अल्लू महाराज, महेंद्र, नवल जी, गोविंद, अमर बंसल, गोपाल, राजीव गोयल, चंद्रप्रकाश व्यास, संजय पाठक, आर के बंसल, नरेश जी, रवि अग्रवाल, कमलेश शुक्ला… कुछ नाम और भी हैं जो सक्रिय हैं। मुझे इस वक़्त एकदम से याद नहीं आ रहे। तीन दशक से भी लंबे सैर सपाटा के सफर में कुछ साथी बिछड़े भी जिनमें राजेश जैन, धीरेंद्र शाह, राजकुमार पुरोहित जैसे जिंदादिल शख्स शामिल हैं। मैदान में उन्हें हमेशा याद किया जाता है।
एक बात और जो खास बतानी है। जब भी कोई कहता है कि सबेरे सबेरे इतनी मॉर्निंग वाॅक के बाद एक भी सदस्य का वजन क्यों नही कम हो पा रहा तो जवाब भी ऐसा कि अगली बार सवाल ही न हो- हम वजन घटाने नहीं आते, हम इसलिए रोज आते हैं कि सबेरे सैर करने से स्वास्थ्य ऐसा शानदार रहे कि आगे कई साल तक मनपसंद पकवान ग्रहण सकें।
(जैसा कि डॉ. दिनेश मिश्र ने बताया)
