उरला-सिलतरा में हुई विद्युत उपभोक्ता जागरूकता बैठक
रायपुर। विद्युत उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी देने के उद्देश्य से बुधवार, 19 अगस्त को उरला-सिलतरा क्षेत्र में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, रायपुर (शहर) द्वारा जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता फोरम के अध्यक्ष एम.डी. बड़गैया ने की। बैठक में उपभोक्ताओं को विद्युत कनेक्शन प्राप्त करने, सही एवं पारदर्शी बिल मिलने, खराब मीटर को समय पर बदलने, निर्धारित वोल्टेज पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा लोड बढ़ाने-घटाने और नाम परिवर्तन जैसे कार्य निर्धारित समय-सीमा में कराने से संबंधित जानकारी दी गई। फोरम के अध्यक्ष ने उपभोक्ताओं को विद्युत सेवाओं से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत के निराकरण के लिए विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम में प्रकरण प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि विद्युत संबंधी सेवाएं यदि आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं तो नियमानुसार उपभोक्ता क्षतिपूर्ति राशि प्राप्त करने का अधिकारी है। कार्यक्रम में उपस्थित विभागीय अधिकारियों को उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण के प्रति सजग रहने तथा विद्युत संबंधी सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में शहर वृत्त-2 के अधीक्षण अभियंता महेश ठाकुर, विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम रायपुर शहर के सदस्य निमिष परमार, उरला इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के सचिव विक्रम जैन सहित विभिन्न श्रेणी के उपभोक्ता एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।