जागरूकता शिविर में दी गई अधिकारों की जानकारी
रायपुर। ट्रेनिंग सेंटर रायपुर में बुधवार को सिटी फोरम रायपुर की ओर से उपभोक्ता जागरूकता बैठक आयोजित की गई। इसमें विद्युत उपभोक्ताओं के साथ सिटी सर्किल-2 रायपुर के अधिकारी शामिल हुए।विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम रायपुर (शहर) के अध्यक्ष एम.डी. बड़गैयां ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं को विद्युत कनेक्शन प्राप्त करने के साथ ही विभागीय सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में पाने का कानूनी अधिकार है। यदि विभाग समय पर सेवा उपलब्ध नहीं कराता है तो उपभोक्ता विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।उन्होंने फोरम के उद्देश्य, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, फोरम में सुने जाने वाले मामलों तथा शिकायतों के निराकरण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। बैठक में मौजूद विभागीय अधिकारियों को उपभोक्ताओं से जुड़े कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सिटी सर्किल-2 के अधीक्षण यंत्री महेश ठाकुर तथा सिटी फोरम रायपुर के सदस्य निमिष परमार भी उपस्थित रहे।
