डा. अखिल जैन ने भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड के पदाधिकारियों से दिल्ली में की चर्चा
गौ संवर्धन-संरक्षण, गौमूत्र के उपयोग, जैविक कृषि तथा प्राकृतिक खेती पर हुई बातचीत
रायपुर| मनोहर गौशाला खैरागढ़ के ट्रस्टी डॉ. अखिल जैन (पदम डाकलिया) ने नई दिल्ली में भारतीय जीव-जंतु कल्याण बोर्ड (एडब्ल्यूबीआई) के सचिव एम.के. चौहान और सहायक सचिव प्राची जैन से मुलाकात की। इस दौरान गौ संवर्धन-संरक्षण, गौमूत्र के वैज्ञानिक और व्यावहारिक उपयोग, जैविक कृषि तथा प्राकृतिक खेती से जुड़े अनुसंधान पर चर्चा हुई। गौशाला की ओर से अधिकारियों को अब तक किए गए प्रयोगों और अनुसंधान की जानकारी भी दी गई। डॉ. जैन ने बताया कि मनोहर गौशाला गौसेवा और जीवदया के साथ गौ आधारित जैविक अनुसंधान, प्राकृतिक खेती और किसानों के उपयोग से जुड़े प्रयोग कर रही है। बैठक में विशेष रूप से गौमूत्र आधारित अनुसंधान और इसके कृषि सहित अन्य क्षेत्रों में उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान गौशाला द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘गाय एक अनुसंधान’ भी अधिकारियों को भेंट की गई। इसमें गाय से जुड़े विभिन्न अनुसंधान और विषयों को संकलित किया गया है। डॉ. जैन ने दोनों अधिकारियों को 18 अक्टूबर को रायपुर में होने वाले मनोहर गौशाला के मुख्य कार्यालय एवं जैविक प्रशिक्षण केंद्र के शुभारंभ समारोह के लिए आमंत्रित भी किया।